रांची न्यूज डेस्क: राजधानी रांची में अब ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह सूरज निकलने से पहले शहर और आसपास के इलाकों में धुंध और कोहरा छाया रहने लगा है। वहीं, सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ने से लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। हालांकि, दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। 19 नवंबर तक दिन और रात के तापमान में गिरावट आने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 नवंबर की सुबह रांची में कोहरा और धुंध छाई रहेगी। इसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा।
17 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दोपहर या शाम के समय आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 18 नवंबर को भी बादलों का असर बना रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
19 नवंबर को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। यानी 16 से 19 नवंबर के बीच चार दिनों में अधिकतम और न्यूनतम, दोनों तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और शाम की ठंड का असर और बढ़ सकता है।