रांची न्यूज डेस्क: रांची में छठ महापर्व को लेकर नगर निगम और प्रशासन ने घाटों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के 72 प्रमुख छठ घाटों में से 36 की सफाई, सीढ़ियों की मरम्मत, समतलीकरण और चूना-ब्लीचिंग का काम पूरा हो चुका है। बाकी घाटों को अगले 72 घंटे में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1200 अतिरिक्त सफाई मित्रों को लगाया गया है। इसके अलावा अलग-अलग इलाकों में 75 से ज्यादा कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं, ताकि व्रतियों को दूर के घाटों तक न जाना पड़े। धूल से बचाव के लिए 15 टैंकर और एंटी-स्मॉग गन से प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। घाटों पर रोशनी, चेंजिंग रूम, पेयजल और पहुंच पथ जैसी सुविधाएं भी दुरुस्त की जा रही हैं।
इस साल मानसून में रांची में सामान्य से 18 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। यहां 1027 एमएम के मुकाबले 1215 एमएम बारिश दर्ज की गई, जिससे डैम और तालाबों में पानी का स्तर बढ़ गया है। व्रतियों की सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम ने सभी 72 घाटों का सुरक्षा ऑडिट कराया है। इसमें 25 घाटों को हाई रिस्क, 16 को मीडियम रिस्क और बाकी 31 घाटों को सामान्य श्रेणी में रखा गया है। सभी घाटों पर बैरिकेडिंग, लाल रिबन और खतरे के संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। तीन फीट पानी के बाद बैरिकेडिंग की व्यवस्था होगी, ताकि कोई गहरे पानी में न जा सके। प्रशासन ने 15 और 16 नवंबर को घाटों पर तैराकी पर भी रोक लगा दी है। हाई रिस्क घाटों में कांके डैम, हटिया डैम, मधुकम तालाब, बड़ा तालाब, चडरी तालाब, हातमा तालाब, धुर्वा डैम, जेल तालाब, अरगोड़ा तालाब और जगन्नाथपुर तालाब शामिल हैं।
प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। धुर्वा डैम में एनडीआरएफ की एक टीम, एसडीआरएफ के सात सदस्य, पांच स्थानीय गोताखोर और आठ नावें तैनात रहेंगी। बुजुर्गों और चलने-फिरने में असमर्थ व्रतियों की मदद के लिए चार टोटो, 20 बाइक और स्वयंसेवक लगाए जाएंगे। मधुकम तालाब के आसपास रंग-रोगन और पेवर ब्लॉक लगाने का काम पूरा किया गया है, जबकि यहां खतरनाक हिस्सों में बैरिकेडिंग की गई है। बड़ा तालाब के दोनों घाटों पर 76 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। यहां फूलों की सजावट और पूजन सामग्री बांटने की व्यवस्था भी होगी। चडरी तालाब में बैरिकेडिंग की गई है और यहां करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा और धुर्वा समेत 12 तालाबों का निरीक्षण कर पहुंच पथ ठीक करने और घाट समितियों के साथ गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने का निर्देश दिया है।
छठ पूजा के दौरान भीड़ और जाम से बचने के लिए 15 और 16 नवंबर को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक बड़े वाहनों की शहर में एंट्री बंद रहेगी। वहीं, 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। शहर के अंदर एक जगह से दूसरी जगह जाने वाले वाहन रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। दिन में कुछ रास्तों पर छोटे मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी। छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों पर वाहनों को नियंत्रित किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस घाटों के आसपास पार्किंग स्थल चिह्नित कर रही है, ताकि सड़कों पर जाम न लगे। प्रशासन ने घाट समितियों से भी मिलकर व्यवस्था संभालने की अपील की है।