रांची न्यूज डेस्क: पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार रात झारखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहा। रांची, लोहरदगा, चतरा, गढ़वा, गुमला, खूंटी, कोडरमा, पलामू और रामगढ़ समेत कई इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली और बारिश हुई। कुछ जगहों पर बादलों की गरज भी सुनाई दी।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी कई जिलों में तेज हवा के साथ ठनका गिरने और हल्की बारिश की संभावना है। विभाग ने संबंधित इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। सुबह के समय कुहासा और दिन में बादल छाए रहने की संभावना है।
25 फरवरी को सुबह हल्का कुहासा रह सकता है, जबकि दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद मौसम के साफ होने की संभावना जताई गई है।
सोमवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 12 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची का अधिकतम तापमान 29.6 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।