रांची न्यूज डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची के बेड़ो इलाके में एक पिता पर अपने ही 17 साल के बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। यह घटना नरकोपी थाना क्षेत्र के बोबरो गांव की सिया टोली में मंगलवार को हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पिता देवनाथ उरांव को गिरफ्तार कर लिया है।
मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा आरोपी
जानकारी के मुताबिक, देवनाथ उरांव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। वह अक्सर घर से बाहर भागने की कोशिश करता था। इसी वजह से बेटे नितेश ने रात में घर का दरवाजा बंद कर दिया था, ताकि पिता बाहर न जा सके। सुबह करीब 4 बजे नितेश सो गया। इसी दौरान पिता ने सोते हुए बेटे के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। हमले में नितेश की मौके पर ही मौत हो गई। मां जब तक वहां पहुंची, तब तक बेटे की जान जा चुकी थी। घटना के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
बेटे की हत्या के बाद खुद लोगों को दी जानकारी
बताया जा रहा है कि बेटे की हत्या करने के बाद देवनाथ घर से बाहर निकला और आसपास के लोगों को खुद बताया कि उसने नितेश को मार दिया है। नितेश नरकोपी के मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी शैलेन्द्र टुडू और एएसआई शिव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। शव का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया गया है।