रांची न्यूज डेस्क: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना के बीच राज्य के कई इलाकों में बादल छाने और बारिश होने के आसार हैं। राजधानी रांची में सोमवार को सुबह हल्का कुहासा छाने और दिनभर आसमान में आंशिक बादल रहने का अनुमान है।
कई इलाकों में हुई बारिश और मेघ गर्जन
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रविवार सुबह रांची में हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा रहा और दिन में आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। वहीं, राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान बादल गरजने की घटनाएं भी दर्ज की गईं। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब तेजी से चक्रवाती तूफान का रूप ले रहा है। इसके 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट से टकराने का अनुमान है। हालांकि, झारखंड पर इसके सीधे असर को लेकर अभी कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
दो से चार नवंबर तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 2 नवंबर को रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में सुबह कुहासा और आसमान में आंशिक बादल रह सकते हैं। वहीं, 3 और 4 नवंबर को दक्षिणी झारखंड और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसका असर रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग राज्य में बादलों और बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
पांच नवंबर से मौसम होगा सामान्य
मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 7 नवंबर के बीच आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और सुबह हल्का कुहासा छाने की संभावना है। इस दौरान बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं। हालांकि, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है। रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 1 से 7 नवंबर तक राज्य के किसी भी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।