रांची न्यूज डेस्क: हजारीबाग में देर रात एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच रांची से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की पटरी पर अचानक लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। ट्रेन की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हुई, जिससे ट्रेन को कुछ नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री या अन्य व्यक्ति की जान नहीं गई।
टक्कर के तुरंत बाद लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी। हादसे के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस करीब 41 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। घटना की सूचना रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी गई। इसके बाद तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और ट्रेन की जांच की। सुरक्षा जांच पूरी होने और ट्रैक क्लियर होने के बाद ट्रेन को पटना के लिए रवाना कर दिया गया।
हादसे के कारण ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि किसी के घायल नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। रेलवे ने ट्रैक और ट्रेन की स्थिति की जांच के बाद परिचालन को सामान्य कर दिया।
इस घटना ने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। रेलवे और पुलिस की टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक की पहचान करने के साथ यह भी पता लगा रही है कि वह देर रात ट्रैक के पास कैसे पहुंचा। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।