जेपीएससी-जेएसएससी में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में हजारों छात्रों का प्रदर्शन

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, July 29, 2026

रांची न्यूज डेस्क: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर बुधवार को हजारों छात्रों ने रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। 'संयुक्त छात्र मोर्चा' के बैनर तले राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च निकालते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने '14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा रद्द करो', 'जेपीएससी और जेएसएससी की सीबीआई जांच कराओ' और 'हेमंत सोरेन इस्तीफा दो' जैसे नारे लिखी तख्तियां हाथों में ले रखी थीं। छात्रों का आरोप है कि दोनों भर्ती आयोगों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और गड़बड़ियां हो रही हैं, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिल पा रहा है।

रांची के छात्र आसिफ मुस्तफा ने कहा कि उन्होंने 19 अप्रैल को आयोजित 14वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा दी थी, लेकिन परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं रही। वहीं हजारीबाग के रवि कुमार ने आरोप लगाया कि आयोग ने परिणाम जारी करने से पहले श्रेणीवार कटऑफ सार्वजनिक नहीं की और देर रात रिजल्ट घोषित किया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने छात्रों की मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

धनबाद की छात्रा खुशी कुमारी ने भी जेपीएससी परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक सरकार छात्रों की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं एक अन्य छात्रा ने दावा किया कि जेएसएससी पीजीटी-2023 परीक्षा में 300 में से 299 अंक हासिल करने के बावजूद उनका चयन नहीं हुआ।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर रांची में भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


रांची और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ranchivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.