रांची न्यूज डेस्क: रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना पुरानापानी लापुंग मोड़ के पास उस समय हुई, जब मिर्च से लदा एक सवारी टेंपू अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में सिसई मुरगु मेड़ियाटोली निवासी 29 वर्षीय सुखदेव उरांव की मौके पर ही जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, मिर्च लदा टेंपू भरनो से बेड़ो की ओर जा रहा था। रास्ते में चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। टेंपू पलटने से उसमें सवार सुखदेव उरांव वाहन के नीचे दब गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वाहन में कुल चार लोग सवार थे।
हादसे में मदनपुर छप्परटोली निवासी सीताराम उरांव, सुका उरांव और एक अन्य सुखदेव उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ईटा पंचायत के पूर्व मुखिया बुधराम बाड़ा मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और सहयोगियों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर बेड़ो थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त टेंपू को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।