रांची न्यूज डेस्क: झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से रांची समेत राज्य के कई जिलों में मंगलवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहाना हो गया। गर्मी और उमस से परेशान लोगों को इससे काफी राहत मिली है।
रांची स्थित मौसम केंद्र ने 8 जुलाई 2026 के लिए पूरे झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, कोडरमा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम समेत राज्य के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, 11 जुलाई तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इसे देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। विभाग के मुताबिक, रांची का अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और कांके का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।