रांची न्यूज डेस्क: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। इस बीच हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने आंदोलन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
नई दिल्ली में संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कंगना रनौत ने कहा, "हमारे जेन-जी के बच्चे कई तरह की परेशानियां झेल रहे हैं। यह समस्या कई दशकों से चली आ रही है और हर जगह ऐसी ही स्थिति देखने को मिलती है।"
कंगना ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि "कांग्रेस ने यहां आकर तमाशा किया, लेकिन झारखंड में जहां छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं, वहां कोई नहीं पहुंच रहा है। राहुल गांधी वहां नहीं जा रहे हैं। जब बच्चों को उकसाने की बात आती है, तब राहुल गांधी सबसे पहले देश के लिए खतरा बनकर सामने आते हैं।"
झारखंड में छात्र पिछले 13 दिनों से जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक जांच को लेकर ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान कंगना रनौत ने मेटा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े वीडियो हटाने के मामले में माफी मांगने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह इस मामले से जुड़ी संसदीय समिति की सदस्य हैं। कंगना के मुताबिक, समिति के अध्यक्ष निशिकांत दुबे ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया था और माफी की मांग की थी। उन्होंने कहा कि समिति ने देश विरोधी सामग्री को बढ़ावा दिए जाने पर भी चिंता जताई थी और उन्हें खुशी है कि कंपनी ने अपनी गलती स्वीकार की।