रांची न्यूज डेस्क: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया। विधानसभा घेराव के लिए निकले प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में पुलिस की कई बैरिकेडिंग तोड़ दी।
छात्र योगदा कॉलेज से आगे बढ़े और सातवीं बैरिकेडिंग भी पार कर गए। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार छात्रों से आगे नहीं बढ़ने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील करते रहे।
हालांकि, छात्रों के लगातार आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर उन्हें पीछे हटाने की कोशिश की। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
अंतिम बैरिकेडिंग के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव और बढ़ गया। इस दौरान एक छात्रा ने पुलिस की ओर जूता-चप्पल फेंक दिया। वहीं, बैरिकेड पार करने की कोशिश कर रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से हुए पथराव में एक पुलिसकर्मी के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है।
विधायक आवास के पास आंसू गैस के गोले छोड़े
विधायक आवास के पास भी हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने में जुटी हुई है।
छात्र JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच और परीक्षा प्रक्रिया में सुधार समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। विधानसभा घेराव के ऐलान के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे हैं।