झारखंड में बारिश का दौर जारी, रांची में 52.6 मिमी बारिश; कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Photo Source : Google

Posted On:Friday, September 25, 2026

रांची न्यूज डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड में साफ नजर आ रहा है। गुरुवार को रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। रांची में पिछले 24 घंटे में 52.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री नीचे चला गया। गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री और न्यूनतम 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं 1 जून से 24 सितंबर तक राजधानी में कुल 1295.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है।

बारिश के कारण रांची के मौसम में नमी भी काफी बढ़ी हुई है। पिछले 24 घंटे में यहां अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 98 प्रतिशत और न्यूनतम 95 प्रतिशत दर्ज की गई। राज्य के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं। दक्षिणी झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के साथ रांची, गुमला और खूंटी में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई है। धनबाद के बाघमारा में सबसे ज्यादा 128.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

शुक्रवार को भी झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। शनिवार को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने गरज और वज्रपात की संभावना को देखते हुए खुले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, गहरे दबाव का क्षेत्र उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर सक्रिय था, जो उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है। अगले 24 घंटे में इसके और कमजोर होने की संभावना है। रांची एयरो में 52.6 मिमी, बीएयू कांके में 102.4 मिमी, नंदीह में 123.6 मिमी, पुटकी सीडब्ल्यूसी में 118.4 मिमी, पालगंज में 105 मिमी, कुकुर में 98.6 मिमी और निमडीह में 97.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। अगले दो दिनों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि उसके बाद तीन दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। 27 और 28 सितंबर को भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।


रांची और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ranchivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.