रांची न्यूज डेस्क: झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान मंगलवार को रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर हाईकोर्ट अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद वे होटल रेडिसन ब्लू रवाना हुए। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। चौहान बुधवार सुबह 10 बजे राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उन्हें शपथ दिलाएंगे। इस मौके पर उनके परिजन भी रांची पहुंच रहे हैं। झारखंड बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में प्रदेश की न्यायपालिका और सशक्त होगी।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के सीनियर जज रहे जस्टिस चौहान ने शिमला से पढ़ाई की और पंजाब यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री ली। 1989 में वकालत शुरू करने वाले चौहान 2014 में हाईकोर्ट के स्थायी जज बने थे।