रांची न्यूज डेस्क: रांची के जेएससीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज दूसरे टी20 मैच के लिए टिकट की कीमतें सामने आ गई हैं। मैच देखने के लिए सबसे कम कीमत 1,600 रुपये रखी गई है, जबकि सबसे महंगा टिकट 18,000 रुपये का होगा। अलग-अलग विंग और कैटेगरी के हिसाब से टिकट के रेट तय किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, टिकटों की बिक्री 6 अक्टूबर से शुरू हो सकती है और इसकी आधिकारिक घोषणा जेएससीए अगले कुछ दिनों में कर सकता है।
विंग ए में लोअर टियर के टिकट की कीमत 3,000 रुपये और अपर टियर की 2,000 रुपये होगी। विंग बी के लोअर और अपर टियर के लिए क्रमशः 3,500 और 2,500 रुपये देने होंगे। विंग सी में लोअर टियर 3,000 और अपर टियर 2,000 रुपये का होगा। विंग डी के लोअर टियर का टिकट 3,000 रुपये और स्पाइस बॉक्स का 2,500 रुपये रखा गया है। वहीं ईस्ट और वेस्ट हिल के टिकट 1,600 रुपये में मिलेंगे।
अमिताभ चौधरी पवेलियन में प्रीमियम टेरेस के लिए 4,500 रुपये का टिकट होगा। प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर की कीमत 18,000 रुपये, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स की 9,000 रुपये और कॉरपोरेट लाउंज की 15,000 रुपये तय की गई है। इस बार शुरुआती टिकट की कीमत 2023 में हुए भारत-न्यूजीलैंड टी20 मुकाबले से 600 रुपये ज्यादा है। तब सबसे सस्ता टिकट 1,000 रुपये का था, जबकि सबसे महंगा टिकट 10,000 रुपये था।
जेएससीए के लाइफ मेंबर्स के लिए अधिकतम पांच टिकट की व्यवस्था की गई है। संबद्ध जिलों को अधिकतम 100 और स्कूल, क्लब व संस्थानों को 25 टिकट दिए जाएंगे। जमशेदपुर में 5 अक्टूबर को कीनन स्टेडियम स्थित जेएससीए कार्यालय में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक टिकट कलेक्ट किए जा सकेंगे। रांची में 6 अक्टूबर को एमएस धौनी पवेलियन के साउथ गेट से टिकट मिलेंगे। इसके लिए सुबह 10 से शाम 5 बजे तक का समय तय है और फोटो आईडी या वैध पहचान पत्र दिखाना जरूरी होगा। ऑफलाइन बिक्री के साथ सभी कैटेगरी के टिकट ऑनलाइन भी उपलब्ध रहने की जानकारी है।