रांची न्यूज डेस्क: रांची में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह इस बार भी ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा। सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तिरंगा फहराएंगे और परेड का निरीक्षण करेंगे। वहीं दुमका में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगे। इस बार रांची के कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि राष्ट्रीय गान के अलावा पहली बार राष्ट्रीय गीत भी प्रस्तुत किया जाएगा।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक आनंद कुमार के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 8.55 बजे समारोह स्थल पहुंचेंगे। इसके बाद संयुक्त परेड का निरीक्षण होगा। फिर राष्ट्रीय गीत, ध्वजारोहण और राष्ट्रगान का कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री अपने संबोधन में राज्य की जनता को संबोधित करेंगे। साथ ही बेहतर काम करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड विधानसभा में भी कार्यक्रम होगा। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो सुबह 9.30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके अलावा राज्य के अलग-अलग जिला मुख्यालयों में होने वाले समारोहों में झंडोत्तोलन की जिम्मेदारी मंत्रियों को दी गई है। इसकी सूची मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से जारी की गई है।
सरकार के कार्यक्रम के मुताबिक पलामू (डालटनगंज) में राधाकृष्ण किशोर और दीपक बिरुआ, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) और गुमला में चमरा लिंडा, गोड्डा में संजय प्रसाद यादव, जामताड़ा में इरफान अंसारी, देवघर में हफीजुल हसन, पाकुड़ में दीपिका पांडेय सिंह, बोकारो में योगेंद्र प्रसाद, गिरिडीह में सुदिव्य कुमार और लोहरदगा में शिल्पी नेहा तिर्की ध्वजारोहण करेंगी।