दो घंटे की बारिश में डूबा रांची, सड़कें बनीं तालाब, घर-दुकानों में घुसा गंदा पानी

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, August 8, 2026

रांची न्यूज डेस्क: शुक्रवार शाम करीब दो घंटे हुई तेज बारिश ने रांची की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद शहर की कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं और नालियां उफनकर सड़कों पर बहने लगीं। जगह-जगह जलजमाव के कारण लंबा जाम लग गया और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।

बांधगाड़ी, लोअर लालपुर और धोबी मोहल्ला समेत कई इलाकों में नाले का गंदा पानी घरों और दुकानों में घुस गया। हलधर प्रेस गली में करीब तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे कई दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंस गए। रांची रेलवे स्टेशन के आसपास भी हालात खराब रहे। यात्रियों को घुटनों तक भरे पानी से होकर स्टेशन पहुंचना और बाहर निकलना पड़ा।

सेवा सदन पथ पर भी जलजमाव की स्थिति बनी रही। नाली का गंदा पानी दुकानों में घुसने से कारोबारियों को नुकसान हुआ। मेन रोड, रातू रोड, कांके रोड, हरमू, हिंदपीढ़ी, डोरंडा, लालपुर और लोअर बाजार जैसे इलाकों में भी सड़कें जलमग्न रहीं। वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और शाम के समय घर लौट रहे लोगों को जाम के कारण काफी परेशानी हुई।

तेज बारिश के बाद राजधानी की जल निकासी व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद हर भारी बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की समस्या सामने आ जाती है। ऐसे में लोगों का सवाल है कि आखिर रांची की ड्रेनेज व्यवस्था कब सुधरेगी और जलभराव से स्थायी राहत कब मिलेगी।


रांची और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ranchivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.