रांची न्यूज डेस्क: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर आते ही रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर जेन-जी (Gen Z) युवाओं और छात्रों का उत्साह फूट पड़ा। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा दिल्ली में आयोजित लंबे आंदोलन के बाद आए इस फैसले के बाद युवाओं ने अल्बर्ट एक्का चौक पर एकत्रित होकर खुशी मनाई और राहगीरों व स्थानीय लोगों में टॉफियां और बिस्कुट बांटे।
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने 'कुचू पुचू, आप मान गए, लव यू' जैसे नारों वाले पोस्टर-बैनर हाथ में ले रखे थे। प्रदर्शनकारियों में कांग्रेस और आइसा (AISA) समेत विभिन्न राजनीतिक व छात्र संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल थे। आंदोलनकारियों का कहना है कि शिक्षा प्रणाली की खामियों और पेपर लीक के खिलाफ जारी उनकी लड़ाई में यह युवाओं की पहली बड़ी जीत है।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने स्पष्ट किया कि केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा उनकी मांगों का पहला चरण है। वे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को पूरी तरह भंग करने तथा परीक्षा प्रणाली में ठोस सुधार की मांग कर रहे हैं। साथ ही छात्रों ने यह भी मांग रखी कि आंदोलन के दौरान परीक्षार्थियों पर लगाए गए आरोपों को लेकर सरकार की ओर से छात्रों से माफी मांगी जानी चाहिए।
अल्बर्ट एक्का चौक पर बने उल्लासपूर्ण माहौल के बावजूद छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक परीक्षा प्रणाली में पारदर्शी बदलाव और पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई नहीं हो जाती, तब तक उनका राष्ट्रव्यापी आंदोलन जारी रहेगा।