रांची में जरूरतमंदों के लिए मुफ्त ठहरने की सुविधा, खादगढ़ा आश्रयगृह में 50 लोगों के रहने का इंतजाम

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, September 30, 2026

रांची न्यूज डेस्क: रांची आने वाले जरूरतमंद लोगों को अब रात बिताने के लिए फुटपाथ या खुले में सोने की मजबूरी नहीं है। कांटाटोली के खादगढ़ा बस स्टैंड के पीछे नगर निगम का आश्रयगृह ऐसे लोगों को मुफ्त में रहने की सुविधा दे रहा है। यहां ठहरने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। जरूरत के हिसाब से लोग दो से तीन दिन तक यहां रह सकते हैं।

आश्रयगृह में एक साथ करीब 50 लोगों के रहने की व्यवस्था है और रोजाना औसतन 20 से 25 लोग यहां पहुंच रहे हैं। लोगों के लिए बेड, साफ बाथरूम और शौचालय के साथ बिजली और पानी की सुविधा भी उपलब्ध है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साफ-सफाई पर भी खास ध्यान दिया जाता है और पूरे आश्रयगृह की दिन में तीन बार सफाई की जाती है।

दो मंजिला इस इमारत में दिव्यांग लोगों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। ग्राउंड फ्लोर के पांच कमरों में से तीन दिव्यांगों के लिए रखे गए हैं। बाकी में कार्यालय और कर्मचारियों के लिए किचन की व्यवस्था है। पहली और दूसरी मंजिल पर दो-दो बड़े कमरे और एक-एक हॉल है, जहां 22-22 बेड लगाए गए हैं। हर फ्लोर पर बाथरूम, शौचालय और पीने के पानी की सुविधा मौजूद है।

आश्रयगृह में सुरक्षा को लेकर प्रवेश से पहले लोगों की पहचान की जांच की जाती है और बिना आधार कार्ड के प्रवेश नहीं दिया जाता। 24 घंटे दो केयरटेकर तैनात रहते हैं। रोजगार, इलाज, परीक्षा, आधार कार्ड में सुधार या दूसरे जरूरी काम से रांची आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए यह जगह काफी मददगार है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के नजदीक होने के कारण बाहर से आने वाले लोगों के लिए यहां पहुंचना भी आसान है।


रांची और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ranchivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.