रांची न्यूज डेस्क: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को वर्चुअली IIM रांची में ‘सेंटर फॉर टीचिंग विद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ का उद्घाटन किया। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। इस केंद्र का अनावरण नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘भारत बोधन AI कॉन्क्लेव 2026’ के दौरान किया गया।
IIM रांची ने अपने बयान में कहा कि यह केंद्र राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप स्थापित किया गया है। इसे AI आधारित शिक्षा, पाठ्यक्रम में नवाचार, उद्योगों के साथ सहयोग और जिम्मेदार AI उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक प्रमुख हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
यह केंद्र विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच AI साक्षरता को बढ़ाने पर ध्यान देगा। साथ ही फैकल्टी को पढ़ाने के तरीकों में AI टूल्स को शामिल करने के लिए सक्षम बनाया जाएगा।
केंद्र का उद्देश्य अनुभवात्मक शिक्षण मॉडल विकसित करना और AI तथा मैनेजमेंट को मिलाकर बहुविषयक कार्यक्रम तैयार करना भी है, ताकि शिक्षा और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके।