रांची न्यूज डेस्क: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर बुधवार को राजधानी रांची में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के हजारों कार्यकर्ता आयोग कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार कर मुख्य गेट तक पहुंच गए और अंदर जाने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से अलर्ट था। JPSC कार्यालय और आसपास के पूरे इलाके में भारी पुलिस बल, रैपिड एक्शन टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। आयोग कार्यालय तक जाने वाले प्रमुख मार्गों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग लगाई गई, ताकि प्रदर्शनकारियों को परिसर के भीतर प्रवेश करने से रोका जा सके।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए परिणाम रद्द करने, परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और अभ्यर्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भाजयुमो के शशांक राज ने आरोप लगाया कि रांची पहुंच रहे कई कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने राज्य के विभिन्न जिलों में रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जयपाल सिंह स्टेडियम से रैली निकालकर JPSC कार्यालय पहुंचे। इसी दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने मेन रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। मेन रोड पर लंबा जाम लग गया, जबकि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने तैनात जवानों को संयम के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।