रांची न्यूज डेस्क: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रातू रोड निवासी बैंक ऑफ बड़ौदा के लोन मैनेजर ईश्वरचंद्र झा ने शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह अपर बाजार बड़ालाल शाखा में कार्यरत थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले ही ईश्वरचंद्र झा को एक संतान की प्राप्ति हुई थी। थाना प्रभारी केके साहू ने बताया कि शुक्रवार की रात परिवार के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद शनिवार सुबह उन्होंने अपने कमरे में खुद को बंद कर लिया और फांसी लगा ली।
परिजनों ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर चिंता जताई। रोशनदान से देखने पर उन्होंने देखा कि ईश्वरचंद्र झा पंखे से लटके हुए थे। घटना के बाद कोहराम मच गया और पत्नी बेसुध हो गई, बार-बार अचेत होने लगी।