रांची न्यूज डेस्क: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रांची महानगर की नई कार्यकारिणी का गठन शनिवार को किया गया। रांची विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रमुख आनंद ठाकुर ने पुरानी इकाई को भंग कर नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इस दौरान डॉ. संतोष कुमार महतो को महानगर अध्यक्ष और तुषार दुबे को महानगर मंत्री नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य दिशा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शुभम पुरोहित, विभाग संयोजक रोहित शेखर, प्रादेशिक विश्वविद्यालय प्रमुख शिवेंद्र सौरव और महानगर संगठन मंत्री बमभोला उपाध्याय भी मौजूद रहे।
महानगर मंत्री तुषार दुबे ने कहा कि एबीवीपी अपने मूल आदर्शों – ज्ञान, शील और एकता – के साथ आगे बढ़ते हुए राष्ट्रहित और विद्यार्थियों के कल्याण के लिए कार्य करेगा। संगठन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए सतत प्रयासरत रहेगा।
कार्यक्रम में डॉ. आनंद ठाकुर ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें शैक्षणिक रूप से सशक्त होकर भारत को वैश्विक मंच पर अग्रणी बनाने के लिए प्रयास करना चाहिए। जिला संयोजक पवन नाग ने भी युवाओं को शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।