रांची न्यूज डेस्क: रांची के रातू थाना क्षेत्र के बसाईर टोली तिगरा गांव में मंगलवार रात एक कुएं से दो बुजुर्गों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान जरिया बेड़ो निवासी बंधन भगत (50 वर्ष) और पुनई उरांव (60 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रविवार को लोटा-पानी रस्म में शामिल होने तिगरा गांव आए थे, लेकिन रस्म के बाद से लापता थे।
स्थानीय ग्रामीणों ने कुएं में संदिग्ध वस्तु देखी और इकट्ठा होकर जांच की तो पानी में दो शव पाए। ग्रामीणों ने किसी तरह शवों को बाहर निकालकर पहचान की और फिर जरिया बेड़ो के लोगों को सूचना दी। दोनों शवों को गांव वाले अपने साथ ले गए और पुलिस को सीधे सूचना नहीं दी गई। बुधवार को मामला रातू थाने पहुंचा, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर रवाना हुई और शवों को थाने लाकर यूडी केस दर्ज किया।
रातू थाना प्रभारी रामनरायण ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा शुरुआती सूचना न देने के कारण जांच में देरी हुई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
ग्रामीणों ने घटना को हादसा बताया। उनका कहना है कि दोनों बुजुर्ग रात के अंधेरे में कुएं में गिर गए थे। कुआं गांव के बीच में स्थित है और लगभग 30 फीट गहरा है। आसपास कोई रेलिंग या सुरक्षा उपाय नहीं होने से हादसे की संभावना जताई जा रही है।