रांची न्यूज डेस्क: रांची पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे सीआरपीएफ जवान अजय सिंह मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है। चुटिया थाना क्षेत्र में दर्ज एक यौन शोषण के मामले में उसकी तलाश की जा रही थी। सोमवार देर रात पुलिस ने बुंडू से उसे गिरफ्तार किया। बता दें कि 2023 में एक महिला ने जवान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी जांच के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया था।
पुलिस के मुताबिक, जवान गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि वह बुंडू आया हुआ है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर उसे धर दबोचा। अजय सिंह मुंडा मूल रूप से अनगड़ा का रहने वाला है और फिलहाल ओडिशा में सीआरपीएफ में तैनात था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और जवान से अन्य पहलुओं पर पूछताछ भी की जा रही है।