रांची न्यूज डेस्क: रांची के जगन्नाथपुर इलाके में योगदा सत्संग कॉलेज के पास एक झोपड़ी से 28 वर्षीय पवन सिंह का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पवन की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। हमलावरों ने उसके गुप्तांग को भी नुकसान पहुंचाया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को शव बरामद किया। पवन गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के नागफेनी गांव का रहने वाला था और होटल-रेस्तरां में बावर्ची का काम करता था। पुलिस के अनुसार, झोपड़ी का दरवाजा पिछले दो दिनों से बंद था।
मामले की जानकारी मिलने पर पवन की बहन प्रीति कुमारी शुक्रवार को परिजनों के साथ रिम्स पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर सीमा देवी और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। परिवार के मुताबिक, सीमा देवी पहले से शादीशुदा है और रिश्ते में पवन की मौसी लगती है। बताया गया है कि पवन उसके साथ रहता था और सीमा के दूसरे युवकों से बातचीत करने पर अक्सर आपत्ति जताता था। पुलिस इस विवाद को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। घटना के बाद से सीमा देवी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
परिजनों ने बताया कि सीमा देवी, पवन की चाची की चचेरी बहन है। उसका मायका गुमला जिले के पूसो हर्री गांव में है, जबकि ससुराल लापुंग थाना क्षेत्र के सहदा हुटार गांव में है। उसका पति गोवर्धन सिंह अपने दो जवान बेटों के साथ वहीं रहता है। पवन के पिता लोकनाथ सिंह का बचपन में ही निधन हो गया था और उसकी मां शंकरी देवी कैंसर से पीड़ित हैं। परिवार में मां और बहन प्रीति ही हैं। बताया गया है कि पवन जहां भी काम करता था, वहां से लौटकर सीमा के पास रहने चला जाता था। वह हाल के दिनों में अपने पैतृक घर भी नहीं गया था। पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।