रांची न्यूज डेस्क: रांची के केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (सीआईपी) में इंटर्नशिप कर रही पश्चिम बंगाल की एक छात्रा ने संस्थान के पीजी छात्र पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामला कांके थाना क्षेत्र का है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने क्लिनिकल पीजी के छात्र सार्थक कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के राजसमंद जिले का रहने वाला है।
छात्रा के मुताबिक, 28 जून को वह साइकोमेट्रिक टेस्ट को लेकर जानकारी लेने के लिए सार्थक के पास गई थी। आरोप है कि इस दौरान सार्थक ने उसे अपने कमरे में बुलाया और पानी में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया। पानी पीने के बाद छात्रा को नशा महसूस होने लगा और नींद आने पर वह आरोपी के बेड पर लेट गई। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि इसी हालत का फायदा उठाकर सार्थक ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इंटर्नशिप खत्म होने के बाद छात्रा पश्चिम बंगाल स्थित अपने घर लौट गई। वहां पहुंचने के बाद उसने 12 सितंबर को 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद मामला रांची एसपी को भेजा गया, जिसके आधार पर कांके थाना पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने रविवार को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की और अगले ही दिन आरोपी सार्थक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रा की शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।