रांची न्यूज डेस्क: रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच तेज करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार तड़के लोहरदगा में कई ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई मुख्य आरोपी सैफ अंसारी और अमन अंसारी के घर समेत अन्य संदिग्ध स्थानों पर की गई।
सुबह करीब 4 बजे शुरू हुई छापेमारी कई घंटे तक चली। इस दौरान एनआईए ने मोबाइल फोन, सिम कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और कुछ संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए, जिन्हें फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के लिए भेजा जाएगा।
जांच के दौरान जब एनआईए की टीम अमन अंसारी के घर पहुंची तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद टीम ने क्रेन की मदद से छत के रास्ते घर में प्रवेश कर तलाशी अभियान चलाया। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
एनआईए यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के लिए इस्तेमाल की गई सामग्री कैसे जुटाई गई, इसकी फंडिंग किसने की और पैसों का लेनदेन बैंक ट्रांसफर, डिजिटल वॉलेट या हवाला के जरिए हुआ या नहीं। जांच एजेंसी यह भी खंगाल रही है कि मामला केवल स्थानीय स्तर का था या इसके पीछे किसी प्रतिबंधित संगठन या बाहरी नेटवर्क की भूमिका थी।
गौरतलब है कि 16 जून को रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस प्रांत कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किया गया था, जिसके बाद मामले की जांच एनआईए को सौंपी गई।