रांची न्यूज डेस्क: सिमडेगा पुलिस को 13 साल से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। बानो पुलिस निरीक्षक कार्यालय में बुधवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस निरीक्षक भिखारी राम ने बताया कि एसपी के निर्देश पर महाबुआंग थाना प्रभारी पंकज प्रमाणिक के नेतृत्व में टीम बनाई गई थी। इसी टीम ने आरोपी को रांची से पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय निका कुमार लोहरा उर्फ निका तिर्की के रूप में हुई है। वह सिमडेगा के महाबुआंग थाना क्षेत्र के सिम्हातु का रहने वाला है और फिलहाल रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित डाहुटोली बालालोंग में रह रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी मदद के आधार पर 25 अगस्त की रात धुर्वा इलाके से उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ बानो थाना में 3 फरवरी 2014 को केस दर्ज किया गया था। उस पर धारा 370, 363(1), 368 भादवि और 5 आईटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसके बाद से वह एसटी-02/18 और जीआर-47/14(एस) मामले में लगातार फरार चल रहा था और उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी था।
पुलिस निरीक्षक ने बताया कि फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत महाबुआंग पुलिस को यह सफलता मिली। कार्रवाई करने वाली टीम में पुअनि पंकज प्रमाणिक, पुअनि अनिल कुमार हांसदा, हवलदार दाऊद मुंडु, लाठी चालक जाहुल हक और चौकीदार 5/4 गजेन्द्र राम शामिल थे।