रांची न्यूज डेस्क: झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित राधा गोविंद विश्वविद्यालय में JEE Main 2026 से पहले बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। कंप्यूटर सिस्टम में छेड़छाड़ कर चुनिंदा अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी। मामले की जांच रिपोर्ट उपायुक्त द्वारा सरकार को भेज दी गई है।
घटना 29 मार्च 2026 की है, जब विश्वविद्यालय के ब्लॉक-सी स्थित कंप्यूटर लैब में कुछ संदिग्ध लोग बिना अनुमति घुस गए। उन्होंने खुद को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का कर्मचारी बताते हुए मॉनिटर बदलने और सिस्टम से छेड़छाड़ करने की कोशिश की। इसी दौरान विश्वविद्यालय के कर्मचारी उमेश कुमार बराव की सतर्कता से मामला उजागर हुआ।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें विश्वविद्यालय का टेक्नीशियन दिनेश कुमार महतो, सुरज कुमार सिंह और शकीर अंसारी शामिल हैं। मौके से 70 कंप्यूटर मॉनिटर, एक फॉर्च्यूनर कार और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। वहीं, कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
रामगढ़ एसपी अजय कुमार के अनुसार, आरोपियों ने करीब 500 परीक्षार्थियों को पास कराने का ठेका लिया था और इसके लिए मोटी रकम वसूली जा रही थी। इस पूरे मामले में बड़े नेटवर्क के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को भी सूचना दे दी गई है और परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह घटना देश में होने वाली बड़ी परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।