रांची न्यूज डेस्क: विश्व बैंक में वर्तमान में पोस्टेड आईएएस अधिकारी महिमापत रे आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में जांच के घेरे में हैं। रांची में डीसी के पद पर रहते हुए उनके खिलाफ यह मामला सामने आया है। एसीबी ने पूर्व डीसी महिमापत रे के खिलाफ पीई संख्या 2/25 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के तहत अनुसंधान अधिकारी संतोष कुमार ने राजस्व विभाग से महिमापत रे और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज भूमि की जानकारी मांगी है। इसके अलावा, परिवहन विभाग से उनके नाम और परिवार के सदस्यों के नाम पर पंजीकृत वाहनों का विवरण भी मांगा गया है।
एसीबी सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की एक रिपोर्ट के आधार पर यह पीई दर्ज की गई थी। एसीबी ने महिमापत रे, उनकी पत्नी हेम बोरकर, मां कुमकुर रे, और दोनों बच्चों के नाम पर निबंधित चल और अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। विशेष रूप से, रांची में डीसी के रूप में रहते हुए उनके आय-व्यय का लेखा-जोखा एसीबी द्वारा खंगाला जा रहा है।