रांची न्यूज डेस्क: रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में फिल्मों और वेब सीरीज में काम दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। साकेत नगर, हिनू निवासी शिवम कुमार ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए दिल्ली स्थित ड्रीम मेकर्स स्टूडियो से जुड़े कई लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उन्हें अभिनेता बनाने और मनोरंजन उद्योग में करियर दिलाने का झांसा देकर बड़ी रकम वसूल ली।
शिवम कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी पहचान जमशेदपुर निवासी पलविंदर नामक व्यक्ति से थी। पलविंदर ने उन्हें दिल्ली के मधु विहार स्थित ड्रीम मेकर्स स्टूडियो की डायरेक्टर अल्का ठाकुर और पार्टनर अरमान खान से मिलवाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि उन्हें फिल्मों, टीवी सीरियल, वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियो में मुख्य भूमिका दिलाने के सपने दिखाए गए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक वर्ष 2022 में उन्हें दिल्ली बुलाकर पहले रजिस्ट्रेशन और पोर्टफोलियो के नाम पर शुल्क जमा कराया गया। इसके बाद अभिनय के अवसर दिलाने के लिए सदस्यता लेने की बात कहकर अतिरिक्त रकम मांगी गई। शिवम का आरोप है कि उन्होंने विभिन्न बैंक खातों में कई बार पैसे ट्रांसफर किए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कोई काम नहीं मिला और न ही भुगतान की रसीद उपलब्ध कराई गई।
मामले में आगे आरोप लगाया गया है कि बाद में राहुल रघुवंशी नामक व्यक्ति ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री का डायरेक्टर बताते हुए वेब सीरीज में लीड रोल दिलाने का दावा किया। इसके बदले लाखों रुपये की मांग की गई। पीड़ित का कहना है कि विज्ञापन, वेब सीरीज और अन्य प्रोजेक्ट्स के नाम पर लगातार रकम वसूली जाती रही। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।