रांची न्यूज डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा इलाके में मंगलवार दोपहर हिट एंड रन की चौंकाने वाली घटना सामने आई। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में एक लग्जरी Mercedes-Benz कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक कार के बोनट पर जा गिरा।
डोरंडा में तैनात होमगार्ड जवानों ने जब कार को युवक के साथ तेज रफ्तार में जाते देखा तो उसे रोकने की कोशिश की। आरोप है कि चालक ने रुकने के बजाय जवानों को भी कुचलने का प्रयास किया और वाहन नहीं रोका। बताया जा रहा है कि वह युवक को बोनट पर लटकाए हुए अपने घर तक ले गया।
पीड़ित युवक का कहना है कि वहां पहुंचने के बाद उसके साथ मारपीट भी की गई। उसने बताया कि वह अपने भाई को परीक्षा केंद्र छोड़कर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी के घर पहुंचकर युवक को मुक्त कराया।
पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर डोरंडा थाने लाया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पेशे से वकील है। घटना के बाद थाने में स्थानीय लोगों और वकीलों की भीड़ जुट गई। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।