रांची न्यूज डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर भाजयुमो झारखंड प्रदेश में विशेष सेवा और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करेगा। प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि जन्मदिन को पूरे देश में सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में झारखंड में रक्तदान शिविर का आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यालय के साथ-साथ प्रदेश और मंडल स्तर पर किया जाएगा।
झारखंड में ‘नमो युवा रन’ का आयोजन रांची, जमशेदपुर और धनबाद में किया जाएगा। दौड़ 21 सितंबर को होगी और प्रतिभागियों का पंजीकरण 20 सितंबर तक किया जा सकेगा। रांची में मैराथन मोराबादी स्थित बापू वाटिका से शुरू होकर जयपाल सिंह स्टेडियम में समाप्त होगी। इस मैराथन का उद्देश्य नशामुक्त झारखंड का संदेश फैलाना है।
शशांक राज ने कहा कि यह आयोजन युवाओं में सेवा भाव, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का संदेश देगा। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, उपाध्यक्ष विकास प्रीतम सिन्हा, अजातशत्रु, प्रिंस कुमार, रोमित नारायण सिंह, क्रिकेटर मोनू सिंह और अभिनेता रमन गुप्ता उपस्थित रहे।