रांची न्यूज डेस्क: राजधानी रांची में एक बार फिर बार में फायरिंग की घटना सामने आई है। इस बार कोतवाली थाना क्षेत्र के 'ग्रेविटी बार' में बुधवार रात गोली चलने की खबर आई। गोली चलाने की वजह मामूली थी—कस्टमर ने भोजपुरी गाना बजाने की डिमांड की थी, लेकिन जब गाना नहीं बजाया गया तो युवक ने गुस्से में आकर बार के बाहर सीढ़ियों पर हवाई फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना को लेकर बार संचालक ने कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई। शुरुआती जांच में गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान हो गई और पुलिस ने बिहार के नालंदा निवासी राहुल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वह वर्तमान में रांची के पीएचडी कॉलोनी में रहता है। पुलिस ने उसके पास से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, एक खाली खोखा और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस इंस्पेक्टर आदिकांत महतो ने बताया कि आरोपी ने लाइसेंसी हथियार से ही फायरिंग की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले में तेज़ी से कार्रवाई की गई। एफआईआर में बार संचालक ने यह भी कहा है कि अगर फायरिंग से किसी कस्टमर को चोट लगती, तो हालात बेहद गंभीर हो सकते थे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी राजधानी के एक्सट्रीम स्पोर्ट बार में मई 2024 में गोलीबारी हो चुकी है, जिसमें एक कस्टमर ने बार के डीजे संदीप प्रमाणिक को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। वह वारदात भी सीसीटीवी में कैद हुई थी और पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया था। बार में बढ़ती फायरिंग की घटनाएं राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।