रांची न्यूज डेस्क: रांची पुलिस ने गैंगस्टर अमन साहू के एनकाउंटर के बाद उसके गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमन साहू गैंग के तीन मुख्य शूटर – अजय सिंह, समीर बागची उर्फ कल्लू बंगाली और वसीम अंसारी को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आरोपी अमन साहू के खास माने जाते थे और रांची के साथ कोयला क्षेत्र में उसके इशारे पर दहशत फैलाते थे। पुलिस ने इनके पास से पिस्टल, देसी कट्टा और मैगजीन भी बरामद की है। पुलिस को इन तीनों के कोयला कारोबारी विपिन मिश्रा पर हुए फायरिंग मामले में भी शामिल होने का शक है।
गैंगस्टर अमन साहू के एनकाउंटर के बाद पुलिस ने उसके गुर्गों पर शिकंजा कसने के लिए खास रणनीति बनाई थी। रांची के सीनियर एसपी और डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। अजय सिंह के खिलाफ रांची के अलग-अलग थानों में 14 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह सिकिदरी इलाके का रहने वाला है। वहीं, समीर बागची उर्फ कल्लू बंगाली पर आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं और वह रातू इलाके का निवासी है। वसीम अंसारी के खिलाफ भी रांची के विभिन्न थानों में चार केस दर्ज हैं। वसीम मांडर इलाके का रहने वाला है।
तीनों आरोपी पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, ये तीनों अपराधी अमन साहू गैंग के लिए वसूली, फायरिंग और धमकी जैसे कामों को अंजाम देते थे। अमन साहू की मौत के बाद पुलिस ने गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि अमन गैंग के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी ताकि रांची और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।