मुंबई, 21 अप्रैल, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक ओम प्रकाश की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ। न्यूज एजेंसी PTI ने पुलिस सोर्स के हवाले से बताया कि पत्नी पल्लवी ओम प्रकाश की हत्या की प्रमुख संदिग्ध है। घटना के समय ओम प्रकाश खाना खा रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ। यह इतना बढ़ गया कि पत्नी ने उनकी हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पल्लवी ने पहले ओम प्रकाश पर मिर्ची पाउडर फेंका, जब जलन से राहत पाने के पूर्व DGP इधर-उधर भाग रहे थे तो पल्लवी ने उनकी गर्दन, पेट और छाती पर चाकू से 10-12 वार किए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पल्लवी ने गुनाह कबूल कर लिया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस वारदात के दौरान बेटी कृति भी वहीं मौजूद थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद एक अन्य IPS ऑफिसर की पत्नी को मैसेज किया- 'एक राक्षस को खत्म कर दिया'। बाद में पल्लवी ने उन्हें फोन कर बताया कि उसने ओम प्रकाश की हत्या कर दी है। इसके बाद IPS ऑफिसर ने ही पुलिस को सूचना दी।
बेटे कार्तिकेश की शिकायत पर पूर्व DGP की पत्नी और बेटी कृति पर हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्तिकेश ने आरोप लगाया है कि उसकी मां पल्लवी पिछले एक सप्ताह से पिता को जान से मारने की धमकी दे रही थी। धमकियों के कारण पिता अपनी बहन के घर रहने चले गए थे। दो दिन पहले छोटी बहन कृति वहां गई और पिता को उनकी मर्जी के खिलाफ वापस ले आई। दोनों अक्सर पिता से झगड़ती थीं। कार्तिकेश ने मां और बहन पर पिता की हत्या की शंका जाहिर की है। इससे पहले कार्तिकेश ने एक टीवी चैनल को बताया था कि मां पल्लवी गंभीर मानसिक बीमारियों से जूझ रही हैं। उनका 12 साल से सिजोफ्रेनिया (भ्रम, डर लगने की बीमारी) का इलाज चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ओम प्रकाश और पत्नी पल्लवी के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था। ओम प्रकाश ने प्रॉपर्टी किसी रिश्तेदार को ट्रांसफर कर दी थी। इसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था, जो बाद में हाथापाई तक आ गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या में उनकी बेटी की कोई भूमिका है या नहीं। बेंगलुरु के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को रविवार शाम करीब 4 बजे रिटायर्ड अफसर की मौत की सूचना मिली। वहीं, कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा, ओम प्रकाश की हत्या कर दी गई है। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि उनकी पत्नी ने अपराध किया है, लेकिन इसकी जांच चल रही है।